*नारी शक्ति के उत्थान और सशक्तीकरण को समर्पित है भाजपा सरकार : किरण देव*

*रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की समस्त माताओं, बहनों और बेटियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। श्री देव ने कहा कि आज का दिन नारी शक्ति के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनकी अतुलनीय भूमिका को नमन करने का दिन है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने इस मौके पर नारी शक्ति के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित कर महिलाओं को लोकतंत्र में उनकी सही भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और मुद्रा योजना के जरिए केंद्र सरकार ने महिलाओं के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। श्री देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए आभार माना और कहा कि छत्तीसगढ़ में श्री साय की सरकार ने ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से प्रदेश की लाखों विवाहित महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया है। यह योजना केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रदेश में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य महिला सशक्तीकरण के आर्थिक आयाम को नई ऊँचाई दे रहा है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वावलम्बन— इन चारों स्तम्भों पर ध्यान केंद्रित किया है। श्री देव ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार कंधे-से-कंधा मिलाकर छत्तीसगढ़ की महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। श्री देव ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें जहाँ हर बेटी को अपनी उड़ान भरने के लिए खुला आसमान मिले और हर महिला सम्मान के साथ राष्ट्र के विकास में भागीदार बने।
——————–
——————–


