निःसंतान दंपतियों के लिए 17 नवंबर को चंद्रपुर में लगेगा निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर
📡36garhnewsupdate.com


चंद्रपुर | 15 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com निःसंतानता की समस्या से जूझ रहे दंपतियों के लिए 17 नवंबर को चंद्रपुर में निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। रायगढ़ स्थित अपेक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आईवीएफ सेंटर की ओर से आयोजित इस शिविर में इनफर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. रश्मि गोयल दंपतियों को चिकित्सकीय परामर्श देंगी।
शिविर का आयोजन मंगलवार को अग्रसेन भवन, चंद्रपुर, जिला सक्ती में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। इसका आयोजन अग्रसेन सेवा संघ एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, शाखा चंद्रपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
डॉ. रश्मि गोयल ने बताया कि निःसंतानता की समस्या केवल महिलाओं से संबंधित नहीं होती, बल्कि इसके कारण पुरुषों में भी हो सकते हैं। इसलिए पति-पत्नी दोनों की जांच आवश्यक है। सामाजिक संकोच के कारण कई दंपती समय पर चिकित्सकीय सलाह नहीं ले पाते। ऐसे में जरूरी है कि वे बिना किसी झिझक के विशेषज्ञ से परामर्श लें और उचित जांच एवं उपचार कराएं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में निःशुल्क वीर्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सभी प्रकार की जांचों पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। अस्पताल के प्रचार पोस्टर में इनफर्टिलिटी उपचार की सफलता दर 80 प्रतिशत से अधिक बताई गई है।
डॉ. रश्मि गोयल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य चंद्रपुर एवं आसपास के क्षेत्र के दंपतियों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है।
शिविर में शामिल होने के इच्छुक दंपती अग्रिम पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए 93291-42515, 93299-15091, 92019-72513 एवं 92019-72517 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।



