CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

प्रांजल विशेष विद्यालय में मनाई गई पंडित नेहरू की 137वीं जयंती, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

📡36garhnewsupdate.com

 

15 नवंबर 2026 सारंगढ़। नगर के प्रांजल विशेष विद्यालय में शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती बाल दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख श्रीमती हिरा देवी निराला ने बच्चों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के विशेष बच्चों ने पंडित नेहरू के जीवन एवं विचारों पर आधारित भाषण, कविता, नृत्य और नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्रीमती हिरा देवी निराला ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से अत्यंत प्रेम करते थे। इसी कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों को नेहरू जी के आदर्शों पर चलने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिठाई एवं उपहार वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest