21 नवंबर से 144 गांवों में पहुंचेगी विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’, ग्रामीणों के घर करेंगे भोजन और रात्रि विश्राम
📡36garhnewsupdate.com


दिनांक: 13 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com धरसींवा। जनता की समस्याओं को करीब से जानने और उनके निराकरण की दिशा में पहल करने के उद्देश्य से धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा संवाद यात्रा’ निकालेंगे। 28 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान विधायक क्षेत्र के सभी 144 गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। यात्रा का शुभारंभ 21 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हरी झंडी दिखाकर करेंगे।
सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक अनुज शर्मा ने यात्रा की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल जनसंपर्क तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनने, उनकी जरूरतों को समझने और समाधान की दिशा में कार्य करने का माध्यम बनेगी। इस दौरान वे घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर देंगे।

ग्रामीणों के घर भोजन और गांवों में करेंगे रात्रि विश्राम
यात्रा की खास बात यह होगी कि विधायक पूरे 28 दिनों तक क्षेत्र के गांवों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे किसी विशेष व्यवस्था के बजाय ग्रामीणों के घरों में उनके साथ भोजन करेंगे और गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। साथ ही स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर समीक्षा करेंगे।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा विधानसभा उनका परिवार है और यहां के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनका सर्वोपरि कर्तव्य है। उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
यात्रा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सेवा सदन में यात्रा के सफल संचालन को लेकर यात्रा प्रभारियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें यात्रा के रूट चार्ट, प्रतिदिन के प्रवास कार्यक्रम, गांवों में जनचौपाल, स्वागत एवं भोजन व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विधायक ने सभी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू रखने की बात कही।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजीव अग्रवाल, संदीप यदु, सरोज चंद्रवंशी, दिनेश खूँटे, टिकेश्वर मनहरे, सुरेन्द्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, रश्मि वर्मा, बी.आर. गौतम, गोपेश साहू, मिथलेश वर्मा, निहाल सिंह वर्मा, अमरीका वर्मा, अश्वनी वर्मा, नत्थू युद, सुमित सेन, रामखिलावन वर्मा, सोहन धीवर, तेजराम पाल, सूरज सोनी और विकास ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


