CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में वैदिक परंपरा के साथ संपन्न हुई गोवर्धन पूजा

36garhnewsupdate.com सारंगढ़ । नगर के वार्ड क्र. 9 स्थित ऐतिहासिक श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा- अर्चना संपन्न कराई गई। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान महंत श्री बंशीधर दास मिश्रा के सानिध्य में संपन्न हुआ। पूजा के मुख्य जजमान के रूप में श्रीमती विनीता कमल गोयल ने सपत्नीक धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए विधिवत पूजा – अर्चना की गोवर्धन पूजा के अवसर पर सर्व प्रथम गोपाल जी मंदिर की गौशाला में गौमाताओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके पश्चात गोबर से निर्मित गोवर्धन महाराज के प्रतिमा का पूजन मुख्य जजमान श्रीमती विनीता कमल गोयल के द्वारा कराया गया।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गोवर्धन की आराधना कर सुख, समृद्धि, खुश हाली, जनकल्याण की कामना की गई । इस अवसर पर महंत बंशीधर दास मिश्रा ने बताया कि श्री गोपाल जी मंदिर में गोवर्धन पूजा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। मंदिर की धार्मिक सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन शास्त्रोक्त विधि के अनुसार निरंतर किया जा रहा है। गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति, गौवंश एवं अन्न के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश आज भी समाज को प्रकृति संरक्षण एवं गौसेवा की प्रेरणा देता है।

महंत बंशीधर दास मिश्रा के सानिध्य में विधिवत पूजन, 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद।

महंत बंशीधर ने बताया कि – मंदिर परिसर में कार्तिक मास से महिला समिति द्वारा दीपदान का धार्मिक आयोजन भी प्रारंभ किया गया है। इसी कड़ी में महिला समिति की गरिमामय उपस्थिति में भगवान गोवर्धन महाराज की महा आरती संपन्न कराई गई। दीपों की रोशनी, भक्ति, संगीत व जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

महाआरती के पश्चात भगवान गोवर्धन महाराज को महाभोग अर्पित कर भव्य भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन शामिल हुए। आयोजन के दौरान 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धा पूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने एक बार फिर नगर की समृद्ध धार्मिक परंपरा, सामाजिक समरसता सामूहिक सहभागिता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest