CHHATTISGARHnewsraipur

दीपावली के बाद नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, सड़कों से हटाया पूजा सामग्री और पटाखों का कचरा

रायपुर, 10 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com दीपावली पर्व के बाद राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगम मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग और सभी जोनों की सफाई टीमों द्वारा विभिन्न वार्डों, कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में सघन सफाई कर सड़कों पर फैले पूजा सामग्री के अपशिष्ट, पटाखों के अवशेष और अन्य कचरे को हटाया जा रहा है।

अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक-2 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौदहापारा, जवाहर नगर, रेलवे स्टेशन, नहरपारा मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। वहीं जोन क्रमांक-1 के अंतर्गत खमतराई, श्रीनगर और सप्तगिरी कॉलोनी मार्ग सहित आसपास के मोहल्लों, बस्तियों और कॉलोनियों में सफाई मित्रों की टीम ने दीपावली के बाद फैले कचरे को एकत्रित कर सड़कों की सफाई की।

इसी क्रम में जोन क्रमांक-3 के वार्ड क्रमांक-31 स्थित गायत्री नगर के श्री जगन्नाथ मंदिर के पास सड़क मार्ग की सफाई की गई। इसके अलावा खम्हारडीह तालाब क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में दीपावली पूजा सामग्री और पटाखों के अवशेष हटाए गए।

नगर निगम के सभी जोनों में सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों की टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। विभिन्न वार्डों के सड़क मार्गों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों से कचरा हटाकर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।

दीपावली के बाद शहर में फैले अपशिष्ट और गंदगी को हटाने के लिए चलाया जा रहा यह अभियान स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में नगर निगम का निरंतर प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest