गंगा नगर बाजार के पास डकैती का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; तीन मोबाइल और नकदी समेत ₹21 हजार की संपत्ति बरामद
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा, 03 नवंबर 2026।
जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में गंगा नगर बाजार के पास राहगीरों को रोककर मारपीट और चाकू की नोक पर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी अपने साथियों के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के समीप 7 से 8 अज्ञात लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडे से प्रार्थी व उसके साथियों के साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर उन्हें डराया और तीन मोबाइल फोन, पर्स तथा 500 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। मारपीट में प्रार्थी और उसके साथियों को चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कुसमुंडा में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), पिता लक्ष्मी प्रसाद केंवट, निवासी कुदरीपार (शिव मंदिर के पास), थाना बांकीमोंगरा तथा शिवा बिंझवार (20 वर्ष), पिता रामसिंह बिंझवार, निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो Y31, ओप्पो A5 और विवो Y18 मोबाइल फोन सहित लूटी गई नकदी बरामद की है। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 21 हजार रुपये बताया गया है।
दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


