CHHATTISGARHnewsraipur

बीजापुर राज्योत्सव में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिया विकसित बस्तर का संदेश, प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया सम्मान

📡36garhnewsupdate.com

बीजापुर, 02 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने बीजापुर प्रवास के दौरान उन्होंने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों का उत्साहवर्धन किया और विकास कार्यों में योगदान दे रहे श्रमिकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही भाजपा संगठन के पदाधिकारियों तथा सतनामी समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की।

कर्रेगुट्टा में जवानों के साहस को किया नमन

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात कर उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों में तैनात जवानों के त्याग और परिश्रम से प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कर्रेगुट्टा में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को भी सम्मानित किया और विकसित बस्तर के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

नक्सलवाद से आगे बढ़कर विकास पर जोर

जिला स्तरीय राज्योत्सव को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को गति मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब भय और हिंसा के बजाय शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, संस्कृति और विकास से बननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शांति के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है, ताकि प्रत्येक परिवार को बेहतर जीवन के अवसर मिल सकें।

कौशल विकास और रोजगार से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और तकनीकी ज्ञान भी हासिल करना चाहिए। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों का लिया आनंद

राज्योत्सव कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें मेहनत, लगन तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं की प्रतिभा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम में विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करने के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। मंत्री ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और जनजातीय परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कर्रेगुट्टा स्थित सुरक्षा बलों के कैंप परिसर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ प्रदेश का निर्माण करना सभी की जिम्मेदारी है।

मंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर बीजापुर जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, कलाकारों और सुरक्षा बलों को शुभकामनाएं देते हुए विकसित बस्तर और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest