खेत से मोटर पंप चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
📡36garhnewsupdate.com


सारंगढ़, 03 नवंबर 2026
सारंगढ़ थाना क्षेत्र में खेत से मोटर पंप चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया मोटर पंप भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोईरडीह निवासी अशोक साहू ने 1 नवंबर 2026 को थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम मोहनी टिकरा स्थित अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप लगाया था, जिसे 26 अक्टूबर की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह निवासी खेमराज डहरिया और फिरतु सिदार एक पुराना मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने खेत से मोटर पंप चोरी करने की बात स्वीकार की और उसे गांव के मुक्तिधाम के पास छिपाकर रखना बताया।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोटर पंप बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेमराज डहरिया (23 वर्ष), पिता मुनुराम डहरिया, और फिरतु सिदार (35 वर्ष), पिता रहस सिदार, दोनों निवासी ग्राम बोईरडीह, थाना सारंगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक कलीराम कुर्रे, प्रधान आरक्षक सोनसाय यादव तथा आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर और सुरेश अनंत का सराहनीय योगदान रहा।


