कोरबा पुलिस ने पटाखा व्यापारियों को दिए सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा। 1/11/2026
दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम कोरबा की ओर से सुमित गुप्ता तथा होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में पटाखा व्यापारियों को वैध लाइसेंस की प्रति दुकान में प्रदर्शित करने, लाइसेंस में निर्धारित स्थान एवं मात्रा के अनुसार पटाखों का भंडारण और विक्रय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लाइसेंस की वैधता एवं निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक दुकान में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, रेत एवं पानी की व्यवस्था रखने, सुरक्षित विद्युत वायरिंग सुनिश्चित करने और दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बीड़ी, सिगरेट, माचिस, खुली आग तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से संबंधित प्रतिबंधों का पालन करने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि आग लगने की स्थिति में व्यापारी समय रहते आवश्यक कदम उठा सकें।
व्यापारियों को प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री एवं अनधिकृत भंडारण नहीं करने, दुकानों के सामने अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने, आपातकालीन निकास मार्ग खुला रखने तथा लागू कानूनी प्रतिबंधों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं लागू कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी व्यापारियों से दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।


