विदेश में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार में बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की महिला गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा | 29 अक्टूबर 2026
विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देकर युवती को म्यांमार ले जाकर बंधक बनाने और उससे ऑनलाइन ठगी कराने के मामले में कोरबा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। इसके बाद उसे म्यांमार के ‘केके पार्क’ ले जाकर उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और कथित तौर पर साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दर्री निवासी पीड़िता ने फेसबुक पर बैंकॉक में नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें करीब 30 हजार थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने की बात कही गई थी। विज्ञापन के संपर्क में आने के बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने पीड़िता को बेंगलुरु बुलाया। वहां से उसे हवाई मार्ग से थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के केके पार्क पहुंचाया गया।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बनाया गया और प्रताड़ित किया गया। साथ ही, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।
भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद उसकी शिकायत पर दर्री थाने में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान कथित संलिप्तता पाए जाने पर महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की निवासी स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की है। गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके डिजिटल एवं वित्तीय नेटवर्क की जांच जारी है।
कोरबा पुलिस की अपील: विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान नौकरी के विज्ञापनों और संदिग्ध एजेंटों से सतर्क रहें, ताकि मानव तस्करी और साइबर ठगी जैसे अपराधों से बचा जा सके।

36गढ़ News Update — सत्य की आवाज आपके साथ।


