कल रायपुर के आसमान में दिखेंगे भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर | 29 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर रायपुरवासियों को भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की रोमांचक झलक देखने को मिलेगी। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रायपुर शहर के आसमान से उड़ान भरेगी। शहरवासी अपने घरों की छतों से भी हेलीकॉप्टरों को उड़ते हुए देख सकेंगे।
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने शानदार हवाई प्रदर्शन, सटीक समन्वय और अद्भुत उड़ान कौशल के लिए जानी जाती है। स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित यह टीम भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करती है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के तहत 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम द्वारा विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को रायपुर शहर के आसमान में हेलीकॉप्टरों की उड़ान शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
राज्योत्सव के उत्साह के बीच रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और उड़ान कौशल की झलक देखने को मिलेगी।


