सरसीवा–हसौद मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत और डामरीकरण तेज, राहगीरों को मिलेगी राहत
📡36garhnewsupdate.com


सारंगढ़–बिलाईगढ़, 18 अक्टूबर 2026
बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को सुधारने के लिए सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने सरसीवा–हसौद मार्ग के गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों में डामरीकरण का काम शुरू किया है। इससे ग्रामीणों, यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई मार्गों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सड़क पर सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में सड़कों की स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित निर्माण एजेंसियों को बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और संधारण कार्य प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत सरसीवा–हसौद मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत और डामरीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों, स्थानीय व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले की सड़कों को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुरक्षित व सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए मरम्मत एवं संधारण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।



