रायपुर की फुटबॉल अकादमी से टीम इंडिया तक पहुंचीं किरण पिस्दा, रूस के खिलाफ खेलेंगी मुकाबला
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 8 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ की फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। रायपुर स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी से प्रशिक्षण लेने वाली किरण अब रूस के खिलाफ होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
किरण के चयन पर उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि किरण की मेहनत और प्रतिभा से पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व है। उन्होंने किरण के माता-पिता, प्रशिक्षकों और रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी को भी बधाई दी।
किरण इससे पहले 2022 में नेपाल में आयोजित SAFF Women’s Championship में भारतीय सीनियर महिला टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अब उन्हें फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत रूस के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को शाम 6 बजे कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में और दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
किरण की सफलता में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की कोच सरिता कुजूर के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अकादमी में खिलाड़ियों को नियमित तकनीकी प्रशिक्षण के साथ मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और मैच के दबाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाता है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किरण की उपलब्धि प्रदेश की अन्य बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।
रायपुर की आवासीय फुटबॉल अकादमी से भारतीय सीनियर टीम तक किरण का सफर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब खेलप्रेमियों की नजरें रूस के खिलाफ होने वाले मुकाबलों पर हैं।


