CHHATTISGARHnewsraipur

साहित्य सृजन संस्थान की वृंदावन हॉल में 51 कवियों का काव्य पाठ, 21 कवि सम्मानित

23 नवंबर 2026 📡36garhnewsupdate.com

कवियों ने काव्य संध्या में समां बांधा

वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे

36garhnewsupdate.com रायपुर, साहित्य सृजन संस्थान की वृंदावन हॉल, रायपुर में 51वीं काव्य संध्या का आयोजन किया गया। इसमें 51 कवियों ने काव्य पाठ किया। इस अवसर पर 21 कवियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में सदस्यों के मध्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए मनोचिकित्सक डॉ. प्रखर शर्मा का व्याख्यान एवं प्रश्नोत्तर भी हुआ।

कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. संजय अलंग, विशेष अतिथि मनोचिकित्सक डॉ. प्रखर शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर मिश्र, बिलासपुर और प्रख्यात कवयित्री श्रीमती संतोष झांझी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत शर्मा ने की, जबकि सफल संचालन उमेश कुमार सोनी नयन ने किया।

काव्य संध्या में वरिष्ठ साहित्यकार राजकुमार धर द्विवेदी, हबीब खान समर, विपुल तिवारी, सुरेश कुमार बंछोर, तोरण दास मानिकपुरी, ओमप्रकाश जैन, उपेंद्र बंछोर, एम.एन. प्रसाद, चंद्रशेखर प्रसाद, दाऊ उमराव सिंह वर्मा, बेमेतरा, सतीश गुप्ता, राममूरत शुक्ला, अशोक खारियार, राजकुमार शर्मा, विक्रम शर्मा, सुनील शर्मा, श्वेता शर्मा, ईशा सेन, साक्षी सेन, डॉ. बीना सिंह रागी, वासुदेव कन्नौजे, जे.एस. उर्कुकर, संजीव ठाकुर, सेवंत देशमुख, हिमाचल कुमार, मनोज शुक्ला, प्रदीप कुमार मिश्र, संजय देवांगन सहित अनेक कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन जीत लिया।

कवियों की चुनिंदा प्रस्तुतियां

 

आज के दिन यहाँ रोशनी तो मिले।

चाँद गर ना सही चाँदनी तो मिले।

 

– दशरथ सिंह भुवाल, सोनपांडर भिलाई

 

रिश्तों की नींव केवल परिचय या संवाद नहीं होती,

हर निकटता के पीछे विचारों की एक डोर होती।

 

– श्वेता शर्मा

 

मैं सुकूं से हूं न आप हलचल मचाइये

तन्हाइयों में खुश हूं न महफिल सजाइये

इन आँखों में नशा नहीं लाली है दर्द की

छलकती आँख में नहीं काजल लगाइये

भीड़ में कभी कहीं तन्हां हुए जो आप

आहिस्ता से मेरी गज़ल गुनगुनाइये

 

– संतोष झांझी

 

कहानी में कहानी ढूंढता है

मोहब्बत की निशानी ढूंढता है

जवानी में तू बचपन ढूंढता था

बुढ़ापे में जवानी ढूंढता है।

 

– इरफानुद्दीन इरफान

 

केशव तेरी कैसी कहानी हो गई

के राधा मीरा रुक्मिणी दीवानी हो गई !!

 

– सुनंदा शर्मा

 

सत्य पराजित भले न होता, परेशान अति होता,

नीतिवान पीड़ाएं सहता, ढोता जीवन रोता।

होने दो अन्याय न बोलो, अपनाओ चतुराई,

झूठ दनादन बोले जाओ, मारो सदा मलाई।

 

– राजकुमार धर द्विवेदी

 

भर लूँ अंतस में उजास, आज मैं दीपक जला लूँ,

पूर्ण हो मन की हर आस, आज दीवाली मना लूँ।

 

– शुभ्रा ठाकुर

 

कहां गया वो गांव रे

ठंडी ठंडी छाव रे

मंजिल ढूंढे पांव रे

छूटा मेरा ठांव रे

कहां गया वो गांव रे ….

 

– डॉ. बीना सिंह रागी

 

सागर सुता लक्ष्मी जहाँ, बरसै धन की धार।

रूप तेज सुख सम्पदा, सब जग की आधार ॥

 

– पं. आराध्या शर्मा

 

ना झुकेगी लेखनी, ना थमेगी ये वाणी,

चेतना की ज्योत है मेरी हर स्वरागिनी।

 

– अंजू पाण्डेय अश्रु

 

चंद लम्हों की मुझमें कमी ठीक है।

बिन तुम्हारे भी ये जिंदगी ठीक है।

 

– राकेश तिवारी

वंदन-अभिनंदन दीप तुम्हारा

जीवन का अर्थ बताते हो

– यशवंत कुमार चतुर्वेदी

मुखौटों की सेल लगी है

शहर के हर माल में

– सुनीता वैष्णव वैरागी

सुषमा जी की रचनाओं पर रूनाली चक्रवर्ती ने कहा कि जब सुषमा लिखती हैं तो ऐसा लगता है जैसे शब्द खुद चलकर उनके पास आ जाते हों।

कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों को बधाई दी गई और काव्य संध्या को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest