स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर कोरबा पुलिस की कार्रवाई, 15 दुकानदारों के काटे चालान
📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा, 21 नवंबर 2026। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने कोटपा एक्ट के तहत चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में चलाए जा रहे तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों और विशेष रूप से स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र में 4, थाना कुसमुंडा में 4, थाना बांकीमोंगरा में 4 तथा चौकी सर्वमंगला क्षेत्र में 3 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 15 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर निगरानी एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




