रायपुर के उत्तर क्षेत्र में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-लॉज और ढाबों की हुई सघन जांच
📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com रायपुर, 21 नवंबर 2026। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने उत्तर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 20 नवंबर की रात चलाए गए इस अभियान के दौरान होटल, लॉज और ढाबों में ठहरे लोगों की जांच की गई।
पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों ने थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान वहां ठहरे व्यक्तियों की जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस टीम ने होटल, लॉज एवं ढाबा संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र और आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से संधारित करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों एवं वहां मौजूद लोगों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था के संबंध में आवश्यक समझाइश भी दी। पुलिस का उद्देश्य असामाजिक और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखना है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


