CHHATTISGARHnewsraipur

115 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक अनुज शर्मा और किसान प्रतिनिधिमंडल

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 21 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंगोली स्थित 115 वर्ष पुराने ऐतिहासिक पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण और उसके अस्तित्व को बचाने की मांग को लेकर विधायक अनुज शर्मा ने पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। इस दौरान जलाशय के ऐतिहासिक महत्व, वर्तमान स्थिति और क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

मुलाकात के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि पेंड्रावन जलाशय केवल जल संग्रहण का माध्यम नहीं, बल्कि धरसींवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि व्यवस्था तथा हजारों किसान परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। जलाशय से बड़े कृषि रकबे में सिंचाई होती है। इसके संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही का असर खेती-किसानी, भू-जल स्तर और पर्यावरण पर पड़ सकता है।

किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के सामने किसानों की समस्याएं रखते हुए कहा कि जलाशय के अस्तित्व पर संकट से क्षेत्र में सिंचाई के साथ पेयजल की समस्या भी गंभीर हो सकती है। किसानों ने इस ऐतिहासिक जल धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए जल्द ठोस पहल करने की मांग की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक और किसान प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने किसानों की चिंताओं को जायज बताते हुए जलाशय के संरक्षण के संबंध में गंभीरता और सकारात्मकता के साथ विचार कर उचित एवं ठोस निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद विधायक अनुज शर्मा ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों और जल संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वहीं, इस मुलाकात के बाद किसान संघर्ष समिति और क्षेत्र के किसानों में जलाशय के संरक्षण को लेकर उम्मीद जगी है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, डोमार सिंह धुरंधर, उधोराम वर्मा, ललित बघेल, अनिल नायक, घनश्याम वर्मा, ठाकुर राम मढ़रिया, हेमंत सिंह ठाकुर, कुंजलाल वर्मा, प्रदीप मढ़रिया और वीरनारायण देवांगन सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest