हर विद्यालय में गठित होगा प्रहरी क्लब, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से करेंगे जागरूक
📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा, 21 नवंबर। विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने और विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण तैयार करने के लिए जिले के प्रत्येक विद्यालय में प्रहरी क्लब गठित किया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने नशामुक्त विद्यालय अभियान को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में सीईओ प्रतीक जैन की अध्यक्षता में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में सीईओ जैन ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों से नियमित संवाद कर उन्हें तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दें। अभियान में पालकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को घर और विद्यालय दोनों जगह नशामुक्त वातावरण मिल सके।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कोटपा एवं पॉक्सो अधिनियम, नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक, नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस विभाग और साइबर सेल ने बच्चों की सुरक्षा एवं मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया।
सीईओ ने प्राचार्यों को विद्यालय परिसर और आसपास नशीले पदार्थों के सेवन एवं बिक्री पर नजर रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए रैली, शपथ, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। उन्होंने बच्चों को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने और जरूरत पड़ने पर शिक्षकों व पालकों से सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के साथ उनकी सुरक्षा और स्वस्थ भविष्य के प्रति जागरूक किया जा सके।



