गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सिख समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
22 नवंबर 2026 📡36garhnewsupdate.com


36garhnewsupdate.com सारंगढ़। गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर नगर के सिख समाज द्वारा भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में न केवल जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, बल्कि महासमुंद एवं रायगढ़ जिले के सिख समाज के लोगों ने भी बढ़- चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई । विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाजजनों की उपस्थिति ने शोभायात्रा की भव्यता, विशालता को और भी खास बना दिया। शोभा यात्रा का सबसे आकर्षक एवं रोमांचक पहलू 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक – बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विविध पारंपरिक करतब रहे। कम उम्र के इन बच्चों ने अपने अद्भुत कौशल, साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का ऐसा प्रदर्शन किया कि सड़कों पर मौजूद हजारों दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
बच्चों की प्रतिभा और उनके प्रदर्शन को देखकर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं तथा उनकी खूब सराहना की। शोभा यात्रा को देखने के लिए नगर की सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। हर कोई बच्चों के हैरतअंगेज करतबों को देखने के लिए उत्सुक नजर आया । वहीं नगर के विभिन्न समाज सेवियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह- जगह स्वागत और सम्मान के माध्यम से समाज के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया गया। गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर निकली यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, अनुशासन और सिख समाज की गौरवशाली परंपराओं का सुंदर परिचायक बनी। नगर में इस भव्य आयोजन की चर्चा देर तक होती रही।


