CHHATTISGARHnewsraipur

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा को दिखाई हरी झंडी

22 नवंबर 2026 📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क को मजबूत करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने 144 गांवों की 25 दिवसीय ‘सेवा संवाद यात्रा’ का शुभारंभ किया। ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जशपुर राजपरिवार के प्रमुख एवं पूर्व राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को 21.86 करोड़ रुपये की लागत के आठ विकास कार्यों की सौगात देते हुए भूमिपूजन किया। इनमें मांढर विद्युत उपकेंद्र विस्तार के लिए 679.17 लाख रुपये, मांढर शाखा नहर के भूमिगत निर्माण के लिए 490.13 लाख रुपये, छछानपहरी से नकटी-कुम्हारी मार्ग निर्माण के लिए 456.85 लाख रुपये और भाटापारा शाखा नहर निर्माण के लिए 410.17 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा कुरूद (सिलयारी) में महतारी सदन एवं कौशल विकास केंद्र, नगरगांव में कौशल विकास केंद्र, चरौदा में बस स्टैंड, डी-वॉट, बालिका शौचालय एवं बकरी शेड तथा मांढर में महतारी सदन का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक की मांग पर ग्राम चरौदा में मंगल भवन निर्माण तथा मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड और पेवर ब्लॉक निर्माण की घोषणा भी की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है। 25 दिनों में 144 गांवों तक पहुंचकर सीधा संवाद स्थापित करने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा जनसंपर्क और सुशासन के क्षेत्र में पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बनेगी।

विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

यात्रा के दौरान विधायक प्रतिदिन औसतन 5 से 6 गांवों का दौरा करेंगे। पहले दिन विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान विधायक अनुज शर्मा धरसींवा स्थित सेवा सदन में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में भी शामिल हुए और क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर शुभकामनाएं साझा कीं।

कार्यक्रम में सुरेंद्र पाटनी, श्याम नारंग, अंजय शुक्ला, नवीन अग्रवाल, संदीप यदु, लखन धीवर, देवजी भाई पटेल, वेदराम मनहरे, शकुन्तला ढिलेन्द्र सेन, अशोक सिन्हा, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, सहप्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रुखमनी वर्मा, चंद्रशेखर शुक्ला, गोपेश साहू, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, निहाल सिंह वर्मा, रश्मि वर्मा, अमरीका वर्मा, बी.आर. गौतम, अश्वनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, नत्थू युद, राजीव अग्रवाल, रामखिलावन वर्मा, सोहन धीवर, सुरेंद्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, सुमीत सेन, संतोषा वर्मा, भूपेंद्र कसार, पुरुषोत्तम यादव, हेमंत वर्मा, मो. यूनुस खान और तिहारू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest