CHHATTISGARHnewsraipur

जनजातीय गौरव दिवस पर वीर नायकों और वीरांगनाओं के योगदान को किया याद, रायपुर में बनेगा ‘सेवा पार्क’

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 21 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में जनजातीय गौरव दिवस 2026 एवं वीरांगना शौर्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के साथ जनजातीय नायकों एवं वीरांगनाओं के योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीर नायकों और वीरांगनाओं ने जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष और बलिदान दिया है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गई। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति संरक्षण और दूरस्थ अंचलों के विकास को गति मिल रही है। उन्होंने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विश्वास और विकास का वातावरण बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, अमर शहीद गुंडाधुर और रानी कमलापति के जीवन से प्रेरणा लेने तथा अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले में संचालित सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा महाकुंभ के माध्यम से पुस्तकें, कपड़े, खिलौने, स्टेशनरी और अन्य उपयोगी सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही नागरिकों को रक्तदान और देहदान जैसे सामाजिक कार्यों के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि सेवा भावना को स्थायी स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन रायपुर में ‘सेवा पार्क’ विकसित करेगा। यहां नागरिक अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य समाज में सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने सुआ नृत्य और राउत नाचा की प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। शबरी माता पर आधारित एकल नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर किया, वहीं ‘राम आएंगे’ गीत की प्रस्तुति से सभागार भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। मंत्री केदार कश्यप ने रंगोलियों का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, कलाकार, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest