देश की विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत, युवाओं पर विकसित भारत की जिम्मेदारी : अरुण साव
23 नवंबर 2026 📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने सप्ताहभर के प्रवास के अनुभव साझा किए।
श्री साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है। देश के युवाओं में भारत को विश्व में अग्रणी बनाने की क्षमता और आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। भाषा, खानपान और वेशभूषा अलग होने के बावजूद हम सभी एक हैं। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना ही शिविर का उद्देश्य है।
उन्होंने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि आत्मविश्वास, धैर्य और कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस ही सफलता की कुंजी है। युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ देश की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं का ज्ञान भी होना चाहिए।
मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित शिविर में त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की तथा सिरपुर, आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का भ्रमण किया।
शिविर में युवाओं को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता की जानकारी दी गई। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगोली प्रतियोगिता, खाद्य महोत्सव और जेठौनी तिहार के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की संस्कृति से परिचित कराया गया। इस दौरान मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित रहे।


