CHHATTISGARHnewsअंबिकापुर

स्कूटी से निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव, अंबिकापुर में सफाई और निर्माण कार्यों का लिया जायजा

📡36garhnewsupdate.com

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्कूटी से अंबिकापुर शहर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

शहर भ्रमण के दौरान उन्होंने केरसु तालाब की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर नगर निगम अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास हितग्राहियों से बातचीत कर सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को आवंटित आवासों में हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित करने तथा परिसर की सफाई, आवश्यक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद साव ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण कर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा संग्रहण और उसके प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest