प्रोजेक्ट चहचहाट के तहत अडबंधा तालाब में बर्ड वॉक, महिलाओं ने जाना पक्षी संरक्षण का महत्व
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 18 अक्टूबर 2026
राजधानी रायपुर के धरसीवां जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मांडर के अडबंधा तालाब में प्रोजेक्ट चहचहाट के तहत बर्ड वॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों और पक्षी मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय लोगों को पक्षियों की विविधता, जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
बर्ड वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने तालाब क्षेत्र में पक्षियों के प्राकृतिक आवास और उनकी विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्हें बताया गया कि पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। इस पहल के माध्यम से स्थानीय समुदाय का प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर प्रोजेक्ट चहचहाट के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई फूड कार्ट भी मौजूद रही। इसके माध्यम से स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की पहल की गई।
प्रोजेक्ट चहचहाट के माध्यम से पक्षी संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को एक साथ जोड़कर प्रकृति संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। अडबंधा तालाब में आयोजित बर्ड वॉक भी इसी दिशा में एक पहल रही, जिसमें ग्रामीण महिलाओं और पक्षी मित्रों ने प्रकृति को करीब से जानने और उसके संरक्षण का महत्व समझने का अवसर प्राप्त किया।


