CHHATTISGARHnewsraipur

स्वीकृत निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करें: कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्माण एजेंसियों को सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने और प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही, विद्यालयों में स्मार्ट टॉयलेट सहित अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के स्वीकृत, प्रगतिरत और अप्रारंभ निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), शिक्षा विभाग, नगर निगम और जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों में पूर्व एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष के दौरान स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत स्कूलों में स्वीकृत स्मार्ट टॉयलेट, दीवार निर्माण, फर्श निर्माण सहित अन्य छोटे-बड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

नवा रायपुर में प्रस्तावित हाईराइज बिल्डिंग के निर्माण को लेकर भी बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने भवन में अग्निशमन व्यवस्था, पर्याप्त जल उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने भवन निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने हाईराइज बिल्डिंग में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि स्वीकृत परियोजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest