CHHATTISGARHnewsजांजगीर

जांजगीर में सेवा ज्योति यात्रा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

📡36garhnewsupdate.com

जांजगीर, 07 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। खोखरा स्थित पुलिस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम स्थल पर सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा की थीम पर तैयार की गई विशाल रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही। रंगोली में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेशों को प्रदर्शित किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सेवा और संगठन की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सेवा ज्योति सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को प्राथमिकता देने और जरूरतमंदों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सेवा ज्योति कलश के साथ बाइक पर सवार होकर हाथ में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली के रूप में हिस्सा लिया।

यात्रा जांजगीर शहर के प्रमुख मार्गों और चौक से होकर गुजरी और कचहरी चौक में इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान सेवा, राष्ट्रनिर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष भूमेंद्र सवन्नी, भाजपा जिला अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यालता आनंद प्रकाश मिरी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest