1.27 क्विंटल गांजा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, 64 लाख का माल जब्त
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 8 अक्टूबर 2026
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बालक विधि के साथ संघर्षरत पाया गया। जब्त गांजे और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई थाना गंज क्षेत्र में की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक ऑटो को रोककर तलाशी ली। ऑटो में सवार मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा और संतोष साहू के पास रखे ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये है।
दूसरी कार्रवाई थाना आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कान्हू डकुआ, सुमित भट्टाचार्य और एक बालक को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये है।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई के तहत एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में गांजा, नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम सहित अन्य सामग्री और वाहन जब्त किए गए हैं।


