विधायक अनुज शर्मा ने बहेसर गांव को लिया गोद, सात गांवों में जनचौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं
24 नंवबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने सेवा संवाद यात्रा के तीसरे दिन विधानसभा क्षेत्र के सात गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पठारीडीह, कन्हेरा, कुम्हारी, चिखली, बहेसर, मुरेठीं और सोन्ड्रा में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
यात्रा के दौरान विधायक ने बहेसर गांव को गोद लेने की घोषणा करते हुए पूरे गांव में निःशुल्क सोलर लाइट लगाने की सौगात दी। इसके अलावा सीएसआर मद से शीतला मंदिर में पेवर ब्लॉक, सामुदायिक भवन की मरम्मत और ओपन जिम निर्माण की स्वीकृति दी। पठारीडीह में फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषित पानी और कचरे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्रीवाल निर्माण की मंजूरी दी।
कन्हेरा में पेयजल के लिए बोर खनन, कुम्हारी में तालाब पचरी निर्माण और सौंदर्यीकरण तथा चिखली स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण और तालाब सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई। सोन्ड्रा में बोर खनन, सीसी रोड, नाली निर्माण, स्कूल परिसर में शेड और सीएसआर मद से तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की सौगात दी गई।
मितानिन दिवस के अवसर पर विधायक ने कन्हेरा और बहेसर में मितानिन बहनों का सम्मान किया। कन्हेरा की मितानिन पल्मा लहरे और निर्मला डहरे सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को श्रीफल, शाल और सम्मान पत्र भेंट किए। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और विषम परिस्थितियों में भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाती हैं।
विधायक ने विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूली बच्चों और कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान एक ग्रामीण के घर जमीन पर बैठकर परिवार के साथ भोजन भी किया।
यात्रा के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों और समाज प्रमुखों से भी चर्चा की गई। ग्रामीणों से रोजगार, स्वावलंबन और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया।
तीसरे दिन की यात्रा के अंतिम पड़ाव में विधायक ने ग्राम मुरेठीं में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान दुर्गा चौक में भजन-कीर्तन में शामिल हुए और शक्तिकेंद्र प्रभारियों तथा बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर योगेश तिवारी, संदीप यदु, शकुंतला ढिलेंद्र सेन, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, सह-प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


