सारंगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, दुर्ग संभाग बना ओवरऑल चैंपियन
📡36garhnewsupdate.com


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 07 अक्टूबर 2026
सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के कुल 330 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, सॉफ्टबॉल और क्रिकेट की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दुर्ग संभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।
समापन समारोह में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और संभागों को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

सांसद राधेश्याम राठिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, मेहनत, धैर्य और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों से सीख मिलती है। अलग-अलग संभागों से आए खिलाड़ियों के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं एक-दूसरे से परिचित होने और अनुभव साझा करने का अवसर भी देती हैं।
विभिन्न स्पर्धाओं में संभागों का प्रदर्शन
अंडर-14 बालक फुटबॉल में बस्तर संभाग ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और बिलासपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अंडर-17 बालक सॉफ्टबॉल में दुर्ग प्रथम, बस्तर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-17 बालिका सॉफ्टबॉल में दुर्ग ने द्वितीय और बस्तर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालिका क्रिकेट में सरगुजा संभाग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।
दुर्ग संभाग को ओवरऑल चैंपियन का खिताब मिला। वहीं उत्कृष्ट मार्च पास्ट के लिए सरगुजा और अनुशासन के लिए बिलासपुर संभाग को पुरस्कृत किया गया। सभी संभाग प्रमुखों और दल प्रबंधकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में दानसरा स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में सांसद राधेश्याम राठिया ने खेल ध्वज को सम्मानपूर्वक अवतरित कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, एसडीएम उमेश कुमार साहू सहित शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


