CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों की समीक्षा, दीपावली से पहले स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026

रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए विधायक राजेश मूणत ने नगर निगम के जोन क्रमांक 7 और 8 का दौरा किया। उन्होंने पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, त्योहारों की व्यवस्था और वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा की।

विधायक ने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कर ली जाएं। नवरात्रि को देखते हुए वार्डों में सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के साथ पेयजल संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण करने को कहा।

मूणत ने कहा कि पार्षदों द्वारा बताई गई जनसमस्याओं को निगम अधिकारी गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रत्येक वार्ड के लिए वार्ड विकास प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। आवश्यकताओं के आधार पर प्राथमिकता से विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की बात भी कही।

बैठक में राजस्व आय बढ़ाने, भवन निर्माण की अनुमतियां निर्धारित नियमों के अनुसार देने और यातायात जाम वाले चौक-चौराहों पर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए निगम अधिकारियों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय करने कहा गया।

सिटी डेवलपमेंट प्लान को लेकर विधायक ने कहा कि योजना केवल कार्यालय स्तर पर तैयार नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को मौके पर जाकर सर्वे करना होगा और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करनी होगी।

नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर पश्चिम के वार्डों में विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। त्योहारों के मद्देनजर स्वच्छता, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

बैठक में संबंधित पार्षद, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी तथा जोन क्रमांक 7 और 8 के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest