CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

विकसित भारत के संकल्प के साथ सारंगढ़ में निकली सेवा ज्योति यात्रा

📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 07 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के बाद सांसद राधेश्याम राठिया के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा खेलभांठा मैदान से शुरू होकर भारत माता चौक होते हुए तुर्की तालाब पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रसेवा, विकसित भारत और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

 

यात्रा में पूर्व विधायक केराबाई मनहर, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ वर्चुअल प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रसेवा ही उनका धर्म और कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं और स्वयंसेवकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए देश के विकास के लिए सामूहिक प्रयास और संकल्प की जरूरत बताई।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में जनभागीदारी पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की बढ़ती ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय प्रतिभा और क्षमता की पहचान दुनिया में बढ़ रही है।

उन्होंने देशवासियों से अपनी ऊर्जा, क्षमता और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest