CHHATTISGARHKORBAnews

राहगीर से मोबाइल और नकदी झपटकर फरार हुए दो आरोपी गिरफ्तार, उरगा पुलिस ने किया सामान बरामद

📡36garhnewsupdate.com

कोरबा, 18 अक्टूबर 2026

कोरबा जिले में राहगीर से मोबाइल फोन और नकदी झपटकर फरार होने के मामले में उरगा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवर्रा से रायगढ़ जा रहा था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे वाहन रोककर नीचे उतरा, तभी मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया और बातचीत के दौरान अपने नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताए।

आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों ने अचानक प्रार्थी का ओप्पो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद झपट लिए और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। प्रार्थी ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BS 0751 बताया।

मामले में उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और गवाहों के बयान लेने के साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक पर दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनके बताए अनुसार केसरी नन्दन वैष्णव के पास से ओप्पो मोबाइल फोन, जबकि ललित कुमार चौहान के पास से काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 0751 और 500 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest