CHHATTISGARHKORBAnews

दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, व्यापारियों के साथ की बैठक

📡36garhnewsupdate.com

दिनांक: 30 अक्टूबर 2026

कोरबा, छत्तीसगढ़।

दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए कोरबा पुलिस ने सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की है। हाल ही में सराफा दुकानों, बैंक परिसरों एवं नकदी परिवहन के दौरान हुई लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा द्वारा सराफा दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी कोतवाली प्रेमचंद साहू द्वारा कोरबा शहर के सराफा एवं ज्वेलरी दुकान संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी सराफा एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा उन्हें हमेशा चालू हालत में रखने के निर्देश दिए। कम से कम दो कैमरे इस प्रकार लगाने को कहा गया, ताकि एक दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र और दूसरा मुख्य सड़क की निगरानी कर सके।

पुलिस ने व्यापारियों को दुकान खोलने एवं बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने, पहचान छिपाने के उद्देश्य से गमछा या मास्क लगाकर आने वाले व्यक्तियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी को मजबूत और सुरक्षित तिजोरी में रखने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक अलार्म एवं आपातकालीन घंटी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा आभूषणों एवं नकदी की पैकिंग दुकान का शटर बंद करके करने तथा परिवहन से पहले दुकान के बाहर अच्छी तरह निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिल सके।

सोना-चांदी और नकदी के परिवहन में विशेष सावधानी के निर्देश

पुलिस अधिकारियों ने सोना-चांदी के जेवरात एवं नकदी का परिवहन करते समय विशेष सुरक्षा बरतने की सलाह दी। अकेले अथवा दोपहिया वाहन से असुरक्षित परिवहन करने से बचने तथा नकदी एवं कीमती सामान ले जाने के लिए हमेशा एक ही मार्ग, समय और साधन का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार का पूर्वानुमानित पैटर्न न बन सके।

दुकानों में कार्य करने वाले कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करने, उनके पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस सत्यापन करवाने को भी कहा गया।

संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल दें सूचना

कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान अथवा प्रतिष्ठान के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, नकाबपोश व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा डायल 112 पर सूचना दें।

दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल एवं व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने सभी सराफा एवं ज्वेलरी व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। साथ ही प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित कारोबारी वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest