नवरात्रि ड्यूटी के सफल संचालन के बाद राजनांदगांव पुलिस ने माँ बम्लेश्वरी के किए दर्शन, पुलिस बैंड ने बांधा भक्तिमय समां
📡36garhnewsupdate.com


राजनांदगांव, 19 अक्टूबर 2026
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के बाद राजनांदगांव पुलिस ने माँ बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन कर विधिवत आरती-अर्चना की। इस दौरान पुलिस बैंड की भक्तिमय धुनों से मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। पर्व के सफल संचालन के उपरांत पुलिस अधिकारियों और जवानों ने माँ बम्लेश्वरी के श्रीचरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बैंड की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पुलिस बल ने नवरात्रि के दौरान ड्यूटी के सफल निर्वहन के लिए माँ के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, डोंगरगढ़ मेला और नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा गया। पदयात्रियों के साथ कोई दुर्घटना नहीं हुई और मेले के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई। सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना भी की गई।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि जनसेवा, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए पुलिस भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।



