दशहरा पर्व को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, जिलेभर में बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा, 19 अक्टूबर 2026।
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई है।
पुलिस ने गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में मारपीट सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों को थाना एवं चौकी में तलब कर आगामी त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही, उन्हें अपने आचरण में सुधार लाने की चेतावनी भी दी गई।
शांति भंग करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर
कोरबा पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया गया है। पुलिस का उद्देश्य दशहरा पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने, हुड़दंग मचाने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
कोरबा पुलिस की नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्व की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।
छत्तीसगढ़ न्यूज़ अपडेट


