CHHATTISGARHnewsraipur

भैंसा-भंडार-तेलासी मार्ग की मरम्मत जारी, 4 किलोमीटर सड़क का काम पूरा

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026

बरसात के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए रायपुर जिले में सड़क मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में भैंसा-भंडार-तेलासी मार्ग पर मरम्मत का काम जारी है। इस मार्ग पर अब तक 4 किलोमीटर सड़क की मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि शेष हिस्से में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में सड़क सुधार का कार्य कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना के अनुसार, इस मार्ग की कुल लंबाई 19.2 किलोमीटर है। पूरी सड़क पर बीटी पेच वर्क के जरिए खराब हिस्सों की मरम्मत की जाएगी। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

6 गांवों के करीब 25 हजार लोगों को मिलेगी राहत

सड़क की मरम्मत पूरी होने से आसपास के छह गांवों के करीब 25 हजार लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलेगी और गड्ढों के कारण होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

भैंसा-भंडार-तेलासी मार्ग भंडारपुरी धाम और सिरपुर जाने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। सड़क सुधरने से इन प्रमुख स्थलों तक पहुंचना आसान होगा और यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।

बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। विभाग द्वारा शेष सड़क का मरम्मत कार्य पूरा किए जाने के बाद इस मार्ग पर आवागमन और सुगम होने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ न्यूज़ अपडेट | सत्य की आवाज आपके साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest