CHHATTISGARHnewsraipur

नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर रायपुर यातायात पुलिस की सख्ती, क्रेन से हटाए वाहन और काटे ई-चालान

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 24 अक्टूबर 2026

रायपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पर यातायात बाधित कर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। वहीं, संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान सहित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने तेलीबांधा क्षेत्र में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटवाया।

इसके अलावा टाटीबंध क्षेत्र, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास स्थित रिंग रोड नंबर-4 पर भी नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पहले अनाउंसमेंट के जरिए वाहन चालकों को अपने वाहन हटाने की सूचना दी गई और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसके बाद भी नो पार्किंग में खड़े मिले वाहनों पर ई-चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।

सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग से बढ़ता है दुर्घटना का खतरा

यातायात पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ता है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। विशेष रूप से सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

लगातार जारी रहेगा कार्रवाई अभियान

रायपुर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध ई-चालान, क्रेन से वाहन हटाने और नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। नो पार्किंग क्षेत्र, सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest