CHHATTISGARHnewsraipur

आरंग को सड़क विकास की बड़ी सौगात, 11.69 करोड़ रुपये से होगा 15.50 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण

📡36garhnewsupdate.com

आरंग/रायपुर। 30/10/2026

आरंग विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव तक 15.50 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 11 करोड़ 69 लाख 9 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार वित्त विभाग की सहमति के बाद इस कार्य को स्वीकृति मिली है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है। स्वीकृत राशि से सड़क का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा।

सड़क के नवीनीकरण से धमनी, कोटनी पलौद, नवागांव सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब द्वारा आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं और नागरिकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को शासन के समक्ष रखा जा रहा है। धमनी-कोटनी पलौद से नवागांव मार्ग की स्वीकृति को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप होगा निर्माण

प्रशासकीय स्वीकृति के तहत निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी एवं वित्तीय मापदंडों के अनुसार कराया जाएगा। इसके लिए तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया, ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुमोदन सहित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

सड़क निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मंत्री ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों की आर्थिक गतिविधियों, किसानों की सुविधा और युवाओं के अवसरों से भी जुड़ी होती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest