राजधानी के आसमान में गूंजा भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टरों का गर्जन, रोमांचित हुए रायपुरवासी
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 30 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने शानदार उड़ान भरकर शहरवासियों को रोमांचित कर दिया। आसमान में हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनते ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने अपने घरों, कार्यालयों और विभिन्न भवनों की छतों से इस रोमांचक नजारे का आनंद लिया और हाथ हिलाकर वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन किया।

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन, एसडीएम नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सारंग हेलीकॉप्टरों की शानदार उड़ान देखी और पायलटों का अभिवादन किया।

शहर के विभिन्न इलाकों में भी हेलीकॉप्टरों को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता रही। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। कई नागरिकों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। वायुसेना की इस प्रस्तुति ने राजधानी में देशभक्ति और गौरव का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का राजधानी के आसमान में उड़ान भरना रायपुरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। उन्होंने कहा कि वायुसेना के पायलटों का साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वायुसेना के पायलट स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से हैरतअंगेज हवाई करतब, साहसिक उड़ान और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन प्रदेशवासियों, विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और तकनीकी सामर्थ्य को करीब से देखने का विशेष अवसर होगा।



