CHHATTISGARHnewsraipur

स्वच्छता अभियान और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर आयुक्त संबित मिश्रा सख्त, सभी जोन कमिश्नरों को दिए निर्देश

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर | 30 अक्टूबर 2026

रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, राजस्व वसूली में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक टीएल समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों और योजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सभी जोनों में स्वच्छता लक्षित इकाइयों (सीटीयू) का विकास करने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जोन कमिश्नरों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार स्वच्छता अभियान चलाने तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नियम तोड़ने वालों पर ई-जुर्माने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश

आयुक्त ने सड़कों पर कचरा फैलाने, मार्गों पर अतिक्रमण करने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) फैलाने, ग्रीन नेट नहीं लगाने तथा अवैध विज्ञापन होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार ई-जुर्माने की कार्रवाई तेज करने को कहा। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रकरण तैयार कर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

31 दिसंबर तक संपत्तिकर जमा करने पर मिलेगी 4 प्रतिशत छूट

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी जोनों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन और साप्ताहिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर 31 दिसंबर 2026 तक पूर्ण रूप से जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने इस योजना का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने और राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने को कहा।

दीपावली से पहले दुरुस्त होगी शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था

आयुक्त ने दीपावली पर्व से पहले नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता से चालू कराने, आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने और पूरे शहर की प्रकाश व्यवस्था की सतत निगरानी करने को कहा।

 

इसके साथ ही सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नागरिकों की शिकायतों का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में आयुक्त ने अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों में तेजी लाने, प्लेसमेंट कर्मचारियों से संबंधित निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, अतुल विश्वकर्मा, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान सहित सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

36गढ़ News Update

सत्य की आवाज आपके साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest