CHHATTISGARHKORBAnews

राष्ट्रीय एकता दिवस पर कोरबा में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का हुआ सीधा प्रसारण

📡36garhnewsupdate.com

 

कोरबा, 31 अक्टूबर 2026

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत कोरबा जिले में एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम का प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट सभागृह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में किया गया।

कलेक्टोरेट सभागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी उपस्थित रहे। बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित एकता परेड का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, युवक-युवतियां, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जिलेभर में हुई सहभागिता

राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन को व्यापक रूप देने के लिए जिले के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का अवलोकन किया। पुलिस परिवार के सदस्य भी अपने परिजनों के साथ आयोजन से जुड़े।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, देशी रियासतों के एकीकरण तथा भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया गया। उनके दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के महत्व से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से जिला मुख्यालय से लेकर जिले के दूरस्थ थाना एवं चौकी क्षेत्रों तक प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली। आयोजन ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest