CHHATTISGARHKORBAnews

सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट संयंत्र से उपकरण चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

करीब एक लाख रुपये के चोरी गए उपकरण बरामद, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

कोरबा। 1/11/2026

दर्री थाना क्षेत्र में सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र स्थल से औद्योगिक उपकरणों की चोरी के मामले में दर्री पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के चोरी गए उपकरण बरामद किए हैं। वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को सुधीर जैन ने थाना दर्री में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स निर्माणाधीन विद्युत संयंत्र स्थल पर सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत है। शिकायत के मुताबिक, 29 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, कटर मशीन सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के बाद पुलिस ने रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन, एक 14 इंच की चश्मा मशीन, दो चार इंच की प्लाई कटर मशीन और एक सात इंच का ग्राइंडर मशीन सहित चोरी गए उपकरण बरामद किए। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

दर्री पुलिस ने जब्त उपकरणों को प्रकरण में साक्ष्य के रूप में शामिल करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। एक नवंबर 2026 को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest