CHHATTISGARHnewsraipur

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाजसेवी नीरज गुप्ता के सेवाकार्यों की सराहना की, पत्र लिखकर बढ़ाया हौसला

रायपुर, 10 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर के समाजसेवी नीरज गुप्ता के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें व्यक्तिगत पत्र लिखकर उत्साहवर्धन किया है। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए इस पत्र में मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और गौसेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि नीरज गुप्ता को समाजसेवा की प्रेरणा अपने पिता स्वर्गीय सुरेश चंद गुप्ता के उपचार के दौरान मिले अनुभवों से मिली। उस समय उन्होंने जिन कठिनाइयों को महसूस किया, उन्हीं अनुभवों ने उन्हें दूसरे जरूरतमंद परिवारों की मदद करने के लिए प्रेरित किया।

निःशुल्क भोजन, जरूरतमंदों की मदद और गौसेवा के कार्यों को मुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणादायी।

नीरज गुप्ता अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए प्रतिदिन निःशुल्क भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। इससे दूर-दराज से इलाज कराने रायपुर पहुंचे उन परिवारों को राहत मिल रही है, जो अपने परिजनों के उपचार के दौरान आर्थिक और अन्य परेशानियों का सामना करते हैं। इसके अलावा वे जरूरतमंद परिवारों के लिए निःशुल्क भोजन और रहने की व्यवस्था करने का भी प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कामकाज के बीच दूसरों की जरूरतों के लिए समय निकालना और उनकी परेशानियों को अपनी चिंता समझकर सहायता करना सराहनीय कार्य है। अनजान शहर में इलाज कराने पहुंचे परिवारों को भोजन और ठहरने का सहारा मिलना उनके लिए बड़ी राहत साबित होता है।

नीरज गुप्ता जरूरतमंदों की सहायता के साथ गौसेवा के कार्यों में भी सक्रिय हैं। वे पशुओं को पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने और उन्हें कचरा तथा पॉलीथिन खाने से बचाने के लिए प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने उनके इन प्रयासों को प्रेरणादायी बताते हुए परिवार से मिले अच्छे संस्कारों और युवा साथियों के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने नीरज से उनके साथ सेवा कार्यों में सहयोग कर रहे साथियों तक भी शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नीरज गुप्ता जैसे लोगों के सेवाभावी प्रयास समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने नीरज गुप्ता की माताजी श्रीमती चंद्रकला गुप्ता को सादर प्रणाम करते हुए भावना, श्रेया और पार्थ सहित पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं। साथ ही नीरज के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंद लोगों की सहायता करते रहने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest