ईशर गवरा विवाह महोत्सव का निमंत्रण देने पहुंचे आदिवासी युवा प्रभाग के प्रतिनिधिमंडल ने रामलाल चौहान से की सौजन्य मुलाकात


सरायपाली | 10 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव के आयोजन को लेकर आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली-बसना के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सरायपाली स्थित विश्राम गृह में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं सरायपाली के पूर्व विधायक रामलाल चौहान से सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने श्री चौहान को महोत्सव का आमंत्रण पत्र भेंटकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। साथ ही आयोजन में गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि आगामी 14 एवं 15 नवंबर 2026 को बुढ़ादेव नगर, सरायपाली में ईशर गवरा विवाह महोत्सव एवं युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, मान्यताओं, रीति-रिवाजों एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना है।
आयोजक मंडल ने समाज के सभी लोगों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


