CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर जिले में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, तैयारियां अंतिम चरण में

रायपुर, 11 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष के तहत रायपुर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसके लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष जिले में 21 नए धान उपार्जन केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप शुरू होने वाली इस खरीदी व्यवस्था को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि धान बेचने आने वाले वास्तविक किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

21 नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को मिलेगी सुविधा, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेश चन्द्रवंशी ने बताया कि जिले में प्रस्तावित 21 नवीन धान उपार्जन केंद्रों में से 17 केंद्रों के लिए स्थल चयन का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं 16 केंद्रों में कंप्यूटर सेट और प्रिंटर-स्कैनर, 8 केंद्रों में जनरेटर तथा 18 केंद्रों में ऑपरेटर की व्यवस्था की जा चुकी है। इसके अलावा सभी 21 नए उपार्जन केंद्रों में केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। शेष आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है।

धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए उपार्जन केंद्रों में तकनीकी उपकरण, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था और पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शासन का प्रयास है कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

धान खरीदी छत्तीसगढ़ के किसान परिवारों की आर्थिक व्यवस्था से सीधे जुड़ी हुई है। धान विक्रय से मिलने वाली राशि किसानों को अगली फसल की तैयारी, बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय बाजारों को भी बढ़ावा मिलता है। जिले में नए उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest