CHHATTISGARHnewsraipur

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, बिल्हा ने देश में हासिल किया पहला स्थान

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 11 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

वहीं, बिलासपुर नगर निगम को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे सकारात्मक बदलाव और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। छोटे नगर बिल्हा का देश में पहला स्थान हासिल करना और बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। इसके लिए जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बिल्हा का सीमित संसाधनों के बावजूद देश में पहला स्थान हासिल करना यह साबित करता है कि बेहतर प्रबंधन, जनसहभागिता और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता से छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और नगरीय सेवाओं में सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest