CHHATTISGARHKORBAnews

सीएसईबी विभाग की ₹56 हजार से अधिक की राशि का गबन, कर्मचारी गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

कोरबा | 13 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com कोरबा जिले में सीएसईबी विभाग की राशि का गबन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये आरटीजीएस के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन करने का आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, तुलसीनगर कोरबा के कार्यालय में कार्यपालन अभियंता के माध्यम से प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

गबन के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को उसके निवास से थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहते हुए कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये आरटीजीएस के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया।

मामले में अपराध घटित होना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।

कोरबा पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest