किसान पोर्टल में रकबा गायब होने से बढ़ी किसानों की चिंता, विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने कलेक्टर को लिखा पत्र
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़। 12 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com सारंगढ़। किसान पोर्टल और एग्रीस्टेक पोर्टल में भूमि एवं रकबा संबंधी त्रुटियों को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कई किसानों का पहले से दर्ज कृषि रकबा पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है, वहीं खसरा नंबर और भूमि संबंधी जानकारी में भी गड़बड़ी सामने आ रही है। इस समस्या को लेकर सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि पोर्टल में दर्ज रकबे में बदलाव और तकनीकी त्रुटियों के कारण किसानों को धान पंजीयन में परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन राजस्व अभिलेखों में दर्ज होने के बावजूद पोर्टल पर सही जानकारी प्रदर्शित नहीं होना चिंता का विषय है। इसका समाधान समय रहते किया जाना जरूरी है, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने प्रशासन से मांग की है कि पोर्टल में गायब पुराने रकबे को बहाल किया जाए, खसरा नंबर और भूमि संबंधी जानकारी का राजस्व अभिलेखों से मिलान कर त्रुटियों में सुधार किया जाए। साथ ही प्रभावित किसानों की भूमि का सत्यापन कर सही रकबा दर्ज किया जाए।
उन्होंने धान पंजीयन में तकनीकी खामियों के कारण किसानों को होने वाली परेशानी से बचाने, आवश्यकता पड़ने पर पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा राजस्व, कृषि और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम बनाकर समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करने की मांग भी रखी है।
विधायक ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका से जुड़ी धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी वास्तविक किसान को तकनीकी त्रुटियों के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को इस मामले में प्राथमिकता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुचारु रूप से हो सके।


