पुरानी रंजिश में घर पहुंचकर युवक के पेट पर चाकू से किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा | 12 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com कोरबा जिले के ग्राम आछीमार में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। शराब के नशे में घर के पास पहुंचे आरोपी ने युवक के पेट पर सब्जी काटने वाले चाकू से वार कर दिया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक पर भी चाकू से हमला किया, जिससे उसकी उंगली में चोट आई। मामले में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आछीमार निवासी कुंदन भट्ट (35 वर्ष) ने थाना सिविल लाइन रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2026 को गांव के ही जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर घर बुलाया था। सुबह करीब 10:30 बजे वह घर पहुंचा, तभी आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंच गया। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन भट्ट के पेट पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे आशिष भट्ट पर भी आरोपी ने चाकू से वार किया, जिससे उसके हाथ की उंगली में चोट आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी जोगी राम मिरी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी जोगी राम मिरी (29 वर्ष), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को 12 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


